एजेंसियां/न्यूज डेस्क (निकुंजा वत्स): मध्य रूस (Central Russia) के एक स्कूल में आज (26 सितम्बर 2022) सुबह एक बंदूकधारी ने छह लोगों की हत्या कर दी और बीस अन्य को घायल कर दिया। उदमुर्तिया (Udmurtia) इलाके के गवर्नर अलेक्जेंडर ब्रेचलोव (Governor Alexander Brechlov) ने इसी मुद्दे पर जारी अपने वीडियो बयान में कहा कि- अज्ञात हमलावर क्षेत्र की राजधानी इज़ेव्स्क (Izhevsk) के स्कूल में घुस गया, जहां उसने गार्ड समेत कुछ बच्चों को मार डाला। इस दौरान कई बच्चे बुरी तरह जख़्मी भी हुए है। स्कूल में क्लास 1 से 11 तक के बच्चों को पढ़ाया जाता है।
गवर्नर और स्थानीय पुलिस के मुताबिक, बंदूकधारी हमलावर ने खुद को गोली मार ली। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि स्कूल को खाली करा लिया गया है और उसके आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी गयी है। फिलहाल बंदूकधारी हमलावर या उसके इरादों के बारे में कोई जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पायी है। इज़ेव्स्क मध्य रूस में यूराल पहाड़ों (Ural Mountains) में बसा शहर है, जो कि राजधानी मास्को से लगभग 960 किलोमीटर (596 मील) पूर्व में है। शहर की आबादी कुल 640,000 बतायी जाती है।